बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित सद्गुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब एवं पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब को चादर व श्रीफल अर्पित कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने संत समागम के लिए प्रदत्त राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा भी की।
समारोह में पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब ने कबीरपंथी समाज की ओर से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बसंत पंचमी के दिन माघ मेले के प्रथम अवसर पर कबीरपंथ के नए संवाहक 16वें वंशाचार्य पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर-तिलक विधिवत संपन्न हुआ। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी कबीरपंथी संत संत समागम में शामिल हुए हैं। आयोजन को शासन-प्रशासन का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री साय ने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा का संत समागम हर वर्ष और अधिक भव्य स्वरूप ले रहा है, जो जनआस्था के निरंतर विस्तार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सामाजिक जीवन पर कबीरपंथ का गहरा प्रभाव है, इसी कारण प्रदेश के लोग शांतिप्रिय हैं और राज्य विकास की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे बचपन से कबीरपंथ से परिचित हैं और उनके गांव बगिया में भी 8–10 कबीरपंथी परिवार निवास करते हैं। उन्होंने दामाखेड़ा को कबीर धर्मनगर नाम देने के संबंध में बताया कि राजपत्र प्रकाशन की अंतिम प्रक्रिया प्रगति पर है।
कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में संत समागम में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक नक्सलवाद अब जल्द ही जड़ से समाप्त होगा और 31 मार्च 2026 तक प्रदेश से पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को तेज़ी से पूरा किया जा रहा है और डबल इंजन सरकार का लाभ आमजन को मिल रहा है। लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ को एक विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित किया जाए।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर-तिलक अत्यंत दिव्य और अलौकिक रहा। उन्होंने बताया कि पंथ श्री द्वारा वृक्षारोपण, समाजसेवा, नशामुक्ति और युवा उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। आज दर्शन कर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम को खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल और विधायक इंद्र साव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब, गुरुगोसांई भानुप्रताप साहेब, विधायक भावना बोहरा, ईश्वर साहू, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी, एसपी भावना गुप्ता सहित सद्गुरु कबीर धर्मदास साहेब वंशावली प्रतिनिधि सभा के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कबीरपंथी श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हमसे जुड़े :-
आपके लिए /छत्तीसगढ़
watsApp https:FLvSyB0oXmBFwtfzuJl5gU
Twitter:https:DNS11502659




































